रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
खुटहन (जौनपुर)। शाहगंज–प्रयागराज राजमार्ग पर तिलवारी सम्मनपुर गांव के पास शुक्रवार को रोडवेज बस और स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर में अमेठी निवासी स्कार्पियो चालक अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद अमेठी के लौकापुर देवरहा गांव निवासी अमित कुमार त्रिपाठी एक इंटरमीडिएट कॉलेज में गणित के अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को ही गौरीगंज (अमेठी) स्थित एजेंसी से नई स्कार्पियो खरीदी थी। खुटहन थाना क्षेत्र के रानीपुर इंटर कॉलेज में इससे पहले अध्यापन का कार्य करते थे यहाँ रहते हुए कुछ मित्रों से मिलने के लिए आये हुए थे, शुक्रवार को वह अकेले सुल्तानपुर के सूरापुर स्थित विजेथुआ धाम दर्शन कर वापस अपने गृह जनपद अमेठी लौटना चाहते थे लेकिन बदलापुर जाते समय शाहगंज–प्रयागराज मार्ग पर तिलवारी सम्मनपुर गांव के पास बदलापुर की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए सामने से उनकी स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
गनीमत रही कि स्कार्पियो के दोनों फ्रंट एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल अध्यापक को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। वहीं पुलिस के पहुंचने से पहले ही बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
-
