रिपोर्ट - लक्ष्मण कुमार चौधरी
अनुज अग्निहोत्री ने जोधपुर स्थित एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। वर्ष 2023 में डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का निर्णय लिया। उनकी सफलता से यह साबित हुआ है कि राजस्थान के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है।
अनुज की शैक्षणिक यात्रा भी काफी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान एम्स जोधपुर से चिकित्सा विज्ञान (MBBS) की डिग्री हासिल की। चिकित्सा क्षेत्र की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें समाज की समस्याओं को समझने और उनका समाधान खोजने में विशेष दृष्टिकोण मिला, जिसका लाभ उन्हें यूपीएससी परीक्षा में भी मिला।
वर्तमान में अनुज अग्निहोत्री DANICS (दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली सिविल सेवा) में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने सीमित समय का बेहतर उपयोग किया और कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।
बताया जाता है कि अनुज इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्हें दानिक्स सेवा मिली थी, जिसके तहत उनकी नियुक्ति दिल्ली में एसडीएम पद पर हुई थी।
अनुज के पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की यूनिट 1 और 2 में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं।
परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर रहीं।
-
