रिपोर्ट- लक्ष्मण चौधरी
जौनपुर। गैंगरेप के एक मुकदमे में पीड़िता पर समझौता करने का दबाव बनाने, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने तथा मोबाइल छीनकर उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डेटा डिलीट करने के आरोप में खुटहन थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो बदलापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है, ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि गैंगरेप के मुकदमे में समझौता करने के लिए आरोपी लगातार उस पर व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से दबाव बना रहे थे।
पीड़िता के अनुसार, 28 जुलाई की दोपहर आरोपियों ने बातचीत करने के बहाने उसे खुटहन थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव स्थित अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने एक बार फिर उस पर गैंगरेप के मामले में समझौता करने का दबाव बनाया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने समझौता करने से साफ इनकार कर दिया और इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने उसके बाल खींचे और चप्पल तथा डंडे से उसकी पिटाई की।
पीड़िता ने बताया कि उसने मदद के लिए पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 1090 पर फोन करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। किसी तरह वह वहां से निकलने में सफल हो गई, लेकिन चोट लगने के कारण रास्ते में ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने पीड़िता को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके मोबाइल में मौजूद गैंगरेप मामले से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्यों और अन्य डेटा को डिलीट कर दिया।
खुटहन थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अशोक यादव, उसके भाई संतोष यादव तथा अशोक यादव की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पीड़िता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-
