केराकत। डेहरी गांव में बुधवार की देर रात तख्त पर सो रहे 26 वर्षीय युवक को सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद भी वह काफी देर तक तख्त पर ही बैठा रहा। युवक की चीख सुनकर कमरे में पहुंचे परिजनों ने जब तख्त पर सांप को देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने किसी तरह सांप को भगाया और बीरबहादुर को उपचार के लिए लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, डेहरी गांव निवासी बीरबहादुर (26) बुधवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में तख्त पर सो रहा था। रात करीब एक बजे अचानक एक सांप तख्त पर चढ़ गया और उसने बीरबहादुर को डस लिया। सांप के डसने के बाद युवक की नींद खुल गई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक की चीख सुनकर परिजन आनन-फानन में कमरे की ओर दौड़े। कमरे में पहुंचने पर उनकी नजर तख्त पर बैठे सांप पर पड़ी। तख्त पर सांप को देखकर परिजन घबरा गए। उन्होंने किसी तरह सांप को वहां से भगाया। इसके बाद सांप कमरे में ही ईंटों के बीच जाकर छिप गया। परिजन तत्काल बीरबहादुर को उपचार के लिए लालगंज सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही बीरबहादुर ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बीरबहादुर के पिता दृगपाल ने बताया कि उनका बेटा रात में खाना खाने के बाद कमरे में तख्त पर सोने गया था। रात करीब एक बजे सांप तख्त पर चढ़ आया और उसने बीरबहादुर को डस लिया। डसने के बाद सांप तख्त पर ही बैठा रहा। बेटे की चीख सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो सांप को तख्त पर देखा गया। बाद में सांप ईंटों के बीच जाकर छिप गया। बताया गया कि बीरबहादुर तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दो बेटे दीपक (12) और दीपांशु (6) तथा बेटी शीतल (8) भी बेसुध हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सर्पमित्र ने घर में छिपे सांप को पकड़ा- बीरबहादुर को डसने के बाद सांप घर में ही ईंटों के बीच छिपा हुआ था। बृहस्पतिवार की सुबह चंदवक थाना क्षेत्र के मुर्खा गांव निवासी सर्पमित्र आदर्श को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर आदर्श मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घर में छिपे सांप को पकड़ लिया। इसके बाद सर्पमित्र ने सांप को जंगल में छोड़ दिया युवक की अचानक हुई मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। परिवार के लोगों के मुताबिक बीरबहादुर मजदूरी कर पत्नी और बच्चों की जिम्मेदारी संभालता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
-
