न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के मिठनेपुर गांव से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। गर्भवती महिला के परिजनों ने अर्चना पाली क्लीनिक पर प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान जबरदस्ती बच्चे को खींचकर निकालने की कोशिश में नवजात बच्चे की मौत हो गई। इतना ही नहीं, महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उसके सीने को इस तरह दबाया गया कि उसकी सीने की हड्डी टूट गई। घटना के बाद महिला के इलाज के लिए परिजनों को दर-दर भटकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मामले की शिकायत थाना खुटहन में तहरीर देकर की गई है। गांव की आशा के कहने पर पीड़ित परिवार उक्त डॉक्टर के पास पहुँचा था।
थाना खुटहन में दी गई तहरीर के अनुसार घटना 5 सितंबर की है। मिठनेपुर गांव निवासी अंकित यादव पुत्र राम आसरे यादव अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर जौनपुर रोड, खुटहन बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास डॉक्टर अर्चना यादव की अर्चना पाली क्लीनिक पर लेकर पहुंचे थे।
परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार, गांव की आशा ने सरकारी अस्पताल में डिलीवरी ने करवाने के बजाय उक्त डॉक्टर से ईलाज व प्रसव कराने की सलाह दी थी जिसके बाद पीड़ित परिवार वहाँ पहुँचा और डिलीवरी के समय बच्चे को जबरदस्ती खींचकर निकालने की कोशिश की गई, जिसके बाद नवजात बच्चे की मौत हो गई। आरोप है कि जब प्रसव पीड़ा के दौरान महिला दर्द से चीख रही थी और कराह रही थी, उसी दौरान डॉक्टर अर्चना यादव द्वारा उसके सीने को जोर से दबाया गया, जिससे उसके सीने की हड्डी टूट गई।
परिजनों का कहना है कि क्लीनिक के अंदर से महिला के रोने, बिलखने, चीखने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पति अपनी पत्नी को बचाने के लिए आनन-फानन में चार पहिया वाहन से वहां से निकले और जौनपुर के एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां महिला का इलाज चल रहा है।
परिजनों ने डॉक्टर अर्चना यादव पर लापरवाही पूर्वक प्रसव कराने और लापरवाही पूर्वक बर्ताव करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत थाना खुटहन में की गई है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि इस मामले में पुलिस द्वारा क्या कदम उठाया जाता है।
सवाल यह भी है कि क्या हर बार की तरह एक बार फिर ऐसे ही अस्पतालों को सीज किया जाएगा और पीछे के गेट से इलाज चलता रहेगा? क्या इसी तरह महिलाओं और बच्चों की जान जोखिम में पड़ती रहेगी? क्या ऐसे ही आरोपी कानून की निगाहों से बचते रहेंगे?
फिलहाल मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और अब देखना यह है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच किस तरह करती है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-
