न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
शाहगंज (जौनपुर), 29 अक्टूबर 2026
जौनपुर जिले के शाहगंज तहसील परिसर में जनसुनवाई के दौरान तहसीलदार के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने के प्रयास का मामला सामने आया है। तहसीलदार की तहरीर पर शाहगंज पुलिस ने नामजद अधिवक्ता इंद्रजीत यादव समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
● जनसुनवाई के दौरान हुआ विवाद- प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे शाहगंज तहसील परिसर में जनसुनवाई चल रही थी। इसी दौरान अधिवक्ता इंद्रजीत यादव, पुत्र रमाशंकर यादव, निवासी घुघुरी सुल्तानपुर, थाना सरपतहा, जौनपुर, अपने कुछ अधिवक्ता साथियों के साथ तहसीलदार सुलखा वर्मा के समक्ष पहुंचे। आरोप है कि अधिवक्ता ने माननीय उच्च न्यायालय के 12 अक्टूबर 2026 के आदेश के विपरीत आदेश पारित करने के लिए तहसीलदार पर दबाव बनाया। तहसीलदार द्वारा कथित तौर पर इसका विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया। आरोप के मुताबिक, इस दौरान गाली-गलौज, शोर-शराबा और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। साथ ही सरकारी दस्तावेज फाड़ने का प्रयास करने तथा तहसीलदार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं दूसरी तरफ अधिवक्ता ने बताया कि बिना बयान और सबूत लिए ही एक तरफा आदेश कर दिया गया जिसकी जानकारी के लिए अधिवक्ता साथी गए हुए थे लेकिन अधिकारी ने बहस कर लिया और विवाद हो गया।
● तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज- मामले में तहसीलदार शाहगंज सुलखा वर्मा की ओर से थाना शाहगंज में लिखित तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 351(3), 352 और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत भी कार्रवाई की गई है। मुख्य नामजद आरोपी अधिवक्ता इंद्रजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।
● पुलिस टीम ने की कार्रवाई- इस मामले में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शाहगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
● गिरफ्तार आरोपी: इंद्रजीत यादव, पुत्र रमाशंकर यादव, निवासी घुघुरी सुल्तानपुर, थाना सरपतहा, जौनपुर।
फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगी।
-
