रिपोर्ट- लक्ष्मण चौधरी (न्यूज़ अब तक आपके साथ)
सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर थाना क्षेत्र के मंगरवा गांव के समीप शुक्रवार 7 नवंबर की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिछा (कोकना पुरवा) गांव निवासी अशोक गुप्ता (58 वर्ष) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं उनके साथी बनवारी निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अशोक गुप्ता पुत्र धर्मराज गुप्ता निवासी ग्राम पिलकिछा (कोकना पुरवा) अपने साथी बनवारी निषाद निवासी बियासिया के साथ अपने दोपहिया वाहन TVS स्कूटर से शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे अपनी बेटी के घर दुल्हापुर दोस्तपुर, सुल्तानपुर जा रहे थे। बेटी के घर से कुछ ही दूरी पर मंगरवा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर बेटी अपने पिता का इंतजार करती रह गई।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने अशोक गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बनवारी निषाद का इलाज जारी रहा।
बनवारी निषाद ने होश में आने के बाद अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही स्वजन कादीपुर कोतवाली की ओर रवाना हो गए। वहीं स्थानीय पत्रकार द्वारा ग्राम प्रधान पिलकिछा नरेंद्र यादव को घटना की सूचना दी गई। ग्राम प्रधान ने तत्परता दिखाते हुए कोकना स्थित अशोक गुप्ता के परिजनों को जानकारी दी। ग्राम प्रधान नरेन्द्र यादव,अनुराग यादव,दीपक गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, पंकज गुप्ता समेत कई लोग मौके पर पहुँचे और आगे की कार्यवाही करने में जुट गए।
यह खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के रोने-बिलखने से घर का माहौल गमगीन हो गया। स्वजन और ग्रामीण तुरंत सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को सुल्तानपुर जिले से पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया गया। जैसे ही अशोक गुप्ता का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा, वहां का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक हो गया। पत्नी सुभागी देवी अपने पति का शव देखकर बेसुध होकर रोने लगीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अशोक गुप्ता के परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। सभी की शादियां हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व ही अशोक गुप्ता ने अपने छोटे बेटे की शादी बड़े हर्षोल्लास के साथ की थी। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए छोटी सी दुकान चलाते थे।
गांव में इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग अशोक गुप्ता को एक मिलनसार व ईमानदार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।
-
