न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
खुटहन (जौनपुर)
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित NLC इंटरनेशनल स्कूल, पनौली में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और हर ओर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के तहत स्कूल के सभी बच्चों ने एकजुट होकर भव्य देशभक्ति रैली निकाली। इस रैली की खास बात यह रही कि बच्चों के साथ-साथ देश की सात महान विभूतियों के प्रतीक स्वरूप भी रैली में चलते नजर आए, जिसने पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बना दिया।
इन विभूतियों में खुशी गौतम ने भारत माता, माही यादव ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, यस पासवान ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, आनंद गौतम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, वैभव यादव ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, मो० अदनान ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह तथा उज्ज्वल गौतम ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की भूमिका निभाई।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पूरे गांव और बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए पनौली अंबेडकर चौराहे पर पहुंची, जहां बच्चों ने आम जनमानस को भारतीय संविधान, लोकतंत्र, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। छोटे-छोटे बच्चों के मुख से संविधान और देशभक्ति के संदेश सुनकर ग्रामीणों व राहगीरों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत इस अनुकरणीय कार्यक्रम को देखकर क्षेत्र के लोग भावविभोर हो उठे। ग्रामीणों ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और देशप्रेम के साथ बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया, वह वास्तव में काबिले-तारीफ है।
गणतंत्र दिवस का यह आयोजन न सिर्फ एक उत्सव रहा, बल्कि आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति, संविधान के सम्मान और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने वाला संदेश भी दे गया।
इस मौके पर संस्थापक नंदलाल चौधरी, प्रबंधक राम आसरे वर्मा, डायरेक्टर बिंदु चौधरी कुशाग्र चौधरी, प्रिंसीपल हरिश्चंद्र गौतम, वाईस प्रिंसिपल ब्रह्मदेव यादव समेत सम्मानित ग्रामीण क्षेत्रों के लोग एवं बच्चों के परिजनों मौजूद रहे।
-
