न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
यूपी के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में 6 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। चोरों ने चार दुकानों के ताले काटे, जिनमें से दो दुकानों से लाखों रुपये का सामान व नकदी पार कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनहरा गांव निवासी सुभाष मौर्या ने मंगलवार को खुटहन थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की रात उन्होंने अपनी पिकअप गाड़ी घर के सामने खड़ी की थी और बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपना जैकेट दीवार में लगी खूंटी पर टांग रखा था, जिसमें पिकअप की चाबी, दो मोबाइल फोन और लगभग पांच हजार रुपये नकद रखे थे।
रात में अज्ञात चोर जैकेट में रखे दोनों मोबाइल, नकदी, पिकअप की चाबी सहित पूरी पिकअप गाड़ी चोरी कर ले गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसी रात पटैला बाजार स्थित सब्जी मंडी में सुभाष निगम के ग्राहक सेवा केंद्र को भी चोरों ने निशाना बनाया, जहां केंद्र में रखा सारा सामान चोरी कर लिया गया। वहीं पास ही स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान से लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान भी गायब कर दिया गया। कुल मिलाकर चार दुकानों के ताले काटे गए, जिनमें दो दुकानों को भारी नुकसान हुआ है।
चोरी की घटनाओं की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और गहरा आक्रोश जताया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
पीड़ितों की तहरीर के आधार पर खुटहन पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि घटना को दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। वहीं जौनपुर पुलिस का दावा है कि जल्द ही अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा और फिलहाल पुलिस टीम जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-
