छात्राओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें स्वस्थ व आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को श्री गणेश राम इंटर कॉलेज बताऊवीर, शाहपुर, जौनपुर, श्री यादवेश इंटर कॉलेज नौपेड़वा तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर बदलापुर की कुल 178 छात्राओं को ट्रैक सूट और जूते वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रेल भूमि विकास प्राधिकरण, नई दिल्ली के महाप्रबंधक ओम प्रकाश यादव तथा सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने छात्राओं को ट्रैक सूट व जूते प्रदान किए। यह वितरण इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन की सीएसआर पहल और वीर इंद्रा सोशल ग्रुप सोसायटी के सहयोग से चलाए जा रहे “फ्यूचर ऑन ट्रैक” अभियान के अंतर्गत किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ओम प्रकाश यादव ने छात्राओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य देश की बेटियों को स्वस्थ, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। खेलों के माध्यम से छात्राओं को आगे बढ़ने के अवसर देना तथा उनमें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना इस पहल का मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। नियमित रूप से खेलकूद करने से शरीर मजबूत होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और छात्राओं में आत्मविश्वास का विकास होता है। खेल गतिविधियां बच्चों को टीम भावना, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख भी देती हैं, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल यादव ने भी छात्राओं को खेलों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भाग लेना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार, प्रधानाचार्य जयप्रकाश यादव, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा यादव, सुरेश यादव, राय साहब यादव, ईश्वर देव यादव तथा प्रबंधक महंत राज यादव समेत विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
— अब तक आपके साथ न्यूज़
-
