जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में मा० सांसद जौनपुर की अध्यक्षता एवं सह-अध्यक्ष मा० सांसद मछलीशहर तथा सह-अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक के प्रारंभ में उपस्थित समस्त अतिथिगण का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम एवं इत्र भेंट कर किया गया।
बैठक के दौरान मा० अध्यक्ष द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में बनाए गए राशन कार्डों के सापेक्ष राशन वितरण की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि राशन वितरण में घटतौली की शिकायतें न हों तथा पात्र लाभार्थियों का नाम राशन कार्ड सूची से किसी भी स्थिति में न काटा जाए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी से “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत आवंटित धनराशि, व्यय एवं जनजागरूकता अभियान के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया गया कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को भी जनजागरूकता कार्यक्रम से जोड़ा जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। योजनांतर्गत जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी को बधाई दी गई।
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम योजना के संदर्भ में जानकारी लेते हुए समिति द्वारा समाज कल्याण अधिकारी से चयनित ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
अवैध खनन एवं माइन मित्र पोर्टल के संबंध में जानकारी लेते हुए पोर्टल के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के प्रकरण में डीएफओ को निर्देशित किया गया कि यदि कोई व्यक्ति अपनी निजी भूमि पर पेड़ की कटाई कर रहा है तो उसे अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
मा० विधायक शाहगंज द्वारा अवगत कराया गया कि पिलकिछा घाट पर बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। इस पर निर्देशित किया गया कि सर्वे कराकर पट्टा खनन क्षेत्र घोषित कराने की कार्यवाही की जाए। पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा आश्वस्त किया गया कि जांच कर अभियान चलाकर अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता से रेलवे के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की जानकारी ली गई। तथ्यपरक जानकारी न होने पर समिति द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।
मा० विधायक बदलापुर द्वारा अवगत कराया गया कि बदलापुर के श्रीकृष्ण नगर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर में सेतु निगम द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है, किंतु रेलवे विभाग द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर संबंधित उच्च अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए। माननीय अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जहां-जहां अंडरपास की आवश्यकता हो, वहां प्रस्ताव भेजे जाएं।
एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर गलत साइनेज बोर्ड हटवाए जाएं, अवैध कट बंद किए जाएं तथा दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर रंबल स्ट्रिप्स लगवाए जाएं। मड़ियाहूं बाईपास, मुंगरा बादशाहपुर बाईपास एवं आरओबी के प्रस्तावों की भी जानकारी ली गई।
जौनपुर-सुल्तानपुर टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों द्वारा अशिष्ट व्यवहार की शिकायत पर एनएचएआई अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए तथा लोगों के साथ मृदुल व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया।
ब्लैक स्पॉट की पहचान हेतु सर्वे के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक सुरक्षा उपायों के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी से प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लाभार्थियों के संबंध में जानकारी ली गई।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान आरटीई योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या की जानकारी प्राप्त की गई। निर्देश दिया गया कि विभागीय कार्यक्रमों में सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाया जाए।
मा० विधायक मछलीशहर द्वारा मिड-डे मील में प्रोटीन युक्त भोजन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया, जिस पर अध्यक्ष द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए।
पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत निर्मित सड़कों पर शासनादेश के अनुसार संबंधित सांसद एवं विधायकों के नाम शिलापट्ट पर अंकित करने के निर्देश दिए गए तथा सड़कों की गुणवत्ता की जांच हेतु समिति गठित करने को कहा गया।
उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया गया कि बीजों का वितरण कैंप लगाकर किया जाए तथा धान रोपाई को ध्यान में रखते हुए बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री किसान फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए। ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार पर पंजीकृत किसानों की संख्या के संबंध में जानकारी मांगी गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सीएचसी बदलापुर में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा मीरगंज पीएचसी में बाउंड्रीवाल एवं डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 3500 से अधिक ओपीडी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
जनप्रतिनिधियों द्वारा जेसीज चौराहे पर निजी बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या उठाई गई, जिस पर उसे व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी को जेसीज चौराहे से वाजिदपुर तक स्ट्रीट लाइट लगवाने हेतु विद्युत विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि अध्यक्ष द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक जफराबाद श्री जगदीश नारायण राय, शाहगंज श्री रमेश सिंह, मड़ियाहूं डा० आर.के. पटेल, मछलीशहर डा० रागिनी सोनकर, मल्हनी श्री लकी यादव, बदलापुर श्री रमेश चंद्र मिश्र, केराकत श्री तूफानी सरोज, मुंगराबादशाहपुर श्री पंकज पटेल, एमएलसी श्री बृजेश सिंह प्रिंसू, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुखगण उपस्थित रहे।
-
