न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में शामिल कुख्यात अपराधी और एक लाख रुपये का इनामी रवि यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। इस मुठभेड़ में लाइनबाजार थाना प्रभारी केके सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। वहीं एक अन्य पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से उनकी जान बच गई।
बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के दौरान रवि यादव का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में पुलिस टीम ने हत्यारोपित रवि यादव को घेर लिया। ऑपरेशन में कई थानों की पुलिस फोर्स और क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों बदमाश बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने और घेरने की कोशिश की।
खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें रवि यादव गोली लगने से मौके पर ही ढेर हो गया।
गौरतलब है कि जिले के खेतासराय क्षेत्र के मनेछा गांव में बीते 1 मई को दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी 21 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा बीबीपुर गांव निवासी गोरखनाथ बिंद की बेटी सोनी के साथ तय हुई थी। 1 मई को बारात आने की तारीख निर्धारित थी।
तय कार्यक्रम के अनुसार, आजाद बिंद दूल्हा बनकर गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर निकला था। जैसे ही दूल्हे की गाड़ी मनेछा बादशाही के पास पहुंची, तभी एक बाइक कार के बराबर आकर चलने लगी। बाइक की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी और बाइक सवारों ने अपने चेहरे भी बांध रखे थे।
देखते ही देखते बदमाशों ने दूल्हे की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद आजाद बिंद खून से लथपथ हालत में कार की सीट पर बेसुध पड़े थे। इसके बाद चालक उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश रची थी और वारदात को अंजाम दिया था।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-
