रिपोर्ट- लक्ष्मण चौधरी
जौनपुर। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को शाहगंज तहसील में तैनात एक चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि संबंधी एक प्रकरण में कार्य कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को जैसे ही निर्धारित राशि सौंपी, मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाती है और आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों ने कहा कि रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-
