यूपी के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के कथित रूप से लापता होने का मामला सामने आया है जिसके बाद पीड़ित पति ने खुटहन थाने में तहरीर देकर गांव अशरफगढ़ निवासी मोहम्मद रुस्तम पुत्र मुख्तार पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता पति के अनुसार, घटना 23 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10 बजे की है कि मेरी 25 वर्षीय पत्नी, जो तीन बच्चों की मां है, मोहम्मद रुस्तम के साथ घर से कही चली गई। पति का यह भी कहना है कि पत्नी घर से करीब ₹10,000 नकद तथा आठ थान सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई।
तहरीर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी का मानसिक रूप से प्रभाव डालकर (ब्रेनवॉश कर) धर्म परिवर्तन कराने और उसके बाद विवाह कराने की योजना बनाई गई है। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी आरोपी के परिजनों को भी थी और वे इसमें शामिल हैं। पीड़ित पति ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर पत्नी की बरामदगी तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अथवा न्यायालय द्वारा आरोपों की पुष्टि होना अभी शेष है।
-
