आजमगढ़ न्यूज़ : जिले में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया कि आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित तिरंगा तिराहे के पास स्थित ग्रिल टू चिल रेस्टोरेंट की दूसरी मंजिल पर गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
रेस्टोरेंट से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई और लपटें इमारत से बाहर निकलने लगीं। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्ट कराया। पुलिस ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग लगने की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आग रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर लगी थी। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
-
