रिपोर्ट- लक्ष्मण कुमार चौधरी
जौनपुर। जनपद के खुटहन चौराहे पर जलभराव और नाली के लगातार बहते पानी के कारण करोड़ों रुपये की लागत से बनी नेशनल हाईवे खुटहन से जौनपुर सड़क तेजी से जर्जर होती जा रही है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है, गिट्टियां निकलकर बिखर गई हैं और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे के बीच बनी नाली भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण धंस गई है। नाली क्षतिग्रस्त होने से उसका पानी सड़क पर बहने लगा, जिसके कारण सड़क लगातार खराब होती चली गई। सड़क पर फैले गंदे पानी से आसपास दुर्गंध भी फैल रही है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन छोटे-बड़े प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी गुजरते हैं। चौराहे पर पुलिस बूथ होने के साथ-साथ थाना खुटहन भी स्थित है, जहां थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी प्रतिदिन मौजूद रहते हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि आम जनता के टैक्स से बनने वाली सड़कों की समय पर मरम्मत न होने के कारण सरकारी धन की भी बर्बादी हो रही है। खुटहन चौराहा जनपद जौनपुर को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द नाली की मरम्मत कर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
-
