रिपोर्ट- ज्योति मौर्या जौनपुर
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली, जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, अवैध खनन पर रोक तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। फिलहाल जिलाधिकारी के द्वारा कड़े शब्दों में सभी को हिदायत तो दे दी गई है लेकिन अब धरातल पर इसका कितना असर होता है ये अभी देखना बाकी है।
● बैठक में स्टाम्प एवं पंजीयन, आबकारी, विद्युत, खनन, परिवहन, मंडी समिति, मत्स्य विभाग, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजस्व संग्रह में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
● विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वसूली कार्य में रुचि न लेने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि विद्युत राजस्व वसूली में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
● अवैध खनन के मामलों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य विभाग को मत्स्य पट्टों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
● संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने सभी स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, वाहन फिटनेस की नियमित जांच कराने, वाहनों पर निर्धारित गति सीमा अंकित कराने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही डग्गामार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
● नगर निकायों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शौच की पुनरावृत्ति न होने पाए। जहां आवश्यकता हो वहां नए शौचालयों का निर्माण कराया जाए तथा नदी घाटों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
● जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह 4 बजे से 6 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सड़क पर कूड़ा न फेंकने के लिए लगातार जागरूक किया जाए तथा प्रत्येक नगर निकाय अपने क्षेत्र में दो प्रमुख स्थानों का चयन कर उनका सौंदर्यीकरण कराए, जिससे शहर की स्वच्छ एवं सुंदर छवि विकसित हो और आमजन में सकारात्मक संदेश जाए।
● खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मिड-डे मील योजना के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध कराए जा रहे दूध की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
● बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भरवाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
● बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखें।
-
