न्यूज़ अब तक आपके साथ
देश प्रदेश का सबसे बड़ा न्यूज़ नेटवर्क बनाने का सतत प्रयास जारी।
REPORT- JYOTI MAURYA
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के भभौरी गोदाम चौराहे पर ज्वैलर की दुकान के बरामदे में सो रहे उदयराज की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे चोरी की कोशिश और पहचान उजागर होने का डर प्रमुख वजह रही।
पुलिस के अनुसार, चार आरोपी रात में एक साथ शराब पार्टी करने के बाद चोरी की योजना बनाकर भभौरी गोदाम चौराहे स्थित ज्वैलरी की दुकान पर पहुंचे थे। आरोपियों ने दुकान के ताले तोड़ने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान दुकान के बरामदे में सो रहे उदयराज की नींद खुल गई और उसने आरोपियों को देख लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को आशंका हुई कि उदयराज उन्हें पहचान लेगा और घटना की जानकारी पुलिस को दे देगा। इसी डर के चलते आरोपियों ने उदयराज पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
● तीन ताले तोड़ने का प्रयास, नहीं ले जा सके सामान -दुकान मालिक हिमांशु सेठ के मुताबिक, चोरों ने दुकान के तीन ताले तोड़ने का प्रयास किया था। हालांकि, वे दुकान के अंदर प्रवेश कर सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद दुकान का ताला टूटा हुआ मिला, जबकि अंदर से किसी सामान के चोरी होने की जानकारी नहीं है।
● सुबह मिली हत्या की जानकारी- दुकान मालिक हिमांशु सेठ को सोमवार सुबह उदयराज की हत्या की जानकारी हुई। मौके पर पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा मिला और बरामदे में उदयराज का शव पड़ा था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई।
● तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार- एसपी कुंवर अनुपम सिंह के मुताबिक, घटना में आकाश गौतम, शेर बहादुर, सूरज गौतम और रामू गौतम के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आकाश गौतम, शेर बहादुर और सूरज गौतम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रामू गौतम अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी चोरी करने के इरादे से दुकान पर पहुंचे थे। उदयराज के जाग जाने और आरोपियों को देख लेने के बाद पहचान उजागर होने के डर से उस पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Tags
जौनपुर न्यूज़
-
